CG News: अवैध अफीम की खेती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कड़ा रुख, सभी कलेक्टरों को 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है, उन्होंने राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने जिलों में संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराया जाए.
15 दिनों में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रमाण पत्र सहित शासन को प्रस्तुत की जाए, इस रिपोर्ट में यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि, संबंधित जिले में कहीं भी अवैध रूप से अफीम की खेती नहीं हो रही है.
जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है, यदि कहीं भी अवैध खेती या कारोबार पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कलेक्टरों को जारी हुआ आदेश
मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी किया गया है, इस पत्र में जिलों में सर्वे कर अफीम की खेती नहीं होने संबंधी प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट निर्धारित समय में प्रस्तुत करने को कहा गया है.



