CG News: सीएम साय के निर्देशन में ‘आदि परब-2026’ का भव्य आयोजन
CG News: नवा रायपुर में 13–14 मार्च को ‘आदि परब-2026’ का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की 43 जनजातियों सहित अन्य राज्यों के जनजातीय समुदाय अपनी संस्कृति, वेशभूषा, कला और परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में जनजातीय परिधान शो, चित्रकला महोत्सव, हस्तशिल्प मेला और यूपीएससी में चयनित युवाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
नवा रायपुर में दो दिवसीय ‘आदि परब-2026’ का आयोजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की परिकल्पना और निर्देश पर 13 और 14 मार्च 2026 को नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) परिसर में ‘परम्परा से पहचान तक – आदि परब-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आदिम जाति विकास विभाग और आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा किया जा रहा है। इसकी जानकारी विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संस्थान की संचालक हिना अनिमेष नेताम ने पत्रकार वार्ता में दी।
43 जनजातियों की वेशभूषा और कला का अनूठा प्रदर्शन
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की 43 जनजातियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और झारखंड के जनजातीय समुदाय भी भाग लेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत “आदि-परिधान जनजातीय अटायर शो” का आयोजन 13 मार्च को सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक और 14 मार्च को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा। इस शो में जनजातीय समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा, प्राकृतिक रंगों और स्थानीय संसाधनों से बने परिधानों को पहली बार एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए 120 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है।
हस्तशिल्प मेला और प्रतिभाओं का सम्मान
आदि परब के अंतर्गत “आदि रंग – जनजातीय चित्रकला महोत्सव” भी आयोजित होगा, जिसमें कलाकार जल, जंगल और जमीन से जुड़ी जनजातीय जीवनशैली और पर्यावरणीय संदेश को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में होगी, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। आयोजन में “आदि-हाट जनजातीय शिल्प मेला” भी लगेगा, जहां 14 समूहों द्वारा हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही यूपीएससी परीक्षा 2025 में चयनित जनजातीय युवाओं डायमंड सिंह ध्रुव और अंकित साकनी का सम्मान किया जाएगा तथा ‘प्रयास’ संस्थान के विद्यार्थियों को लैपटॉप भी वितरित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े: CG News: सीएम साय ने ममता बनर्जी से मांगी माफी, राष्ट्रपति के सम्मान का उठाया मुद्दा



