CG News: सीएम साय ने ममता बनर्जी से मांगी माफी, राष्ट्रपति के सम्मान का उठाया मुद्दा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों, आदिवासी समाज और मातृशक्ति का अपमान बताते हुए ममता बनर्जी से देश और समाज से क्षमा मांगने का आग्रह किया है।
राष्ट्रपति के सम्मान के मुद्दे पर सीएम साय की कड़ी आपत्ति
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक कड़ा पत्र लिखते हुए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हाल ही में हुए कथित व्यवहार पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश की प्रथम जनजातीय महिला राष्ट्रपति के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल एक व्यक्ति का अपमान है, बल्कि यह देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था, आदिवासी समाज और मातृशक्ति का भी अनादर है।
लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया व्यवहार
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में लिखा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराएं और शिष्टाचार दुनिया भर में सम्मानित रहे हैं। मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें मनभेद में बदलना हमारी संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद के प्रति न्यूनतम शिष्टाचार का पालन न किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक पहले एक जनजातीय महिला राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान इस तरह की लापरवाही और अपमानजनक स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
ममता बनर्जी से मांगी सार्वजनिक क्षमा
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में संदेशखाली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी जनजातीय समाज की महिलाओं के साथ हुई घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि वंचित और जनजातीय समाज के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने ममता बनर्जी से आग्रह किया कि वे देश और समाज से क्षमा मांगते हुए अपनी भूल स्वीकार करें और भविष्य में संवैधानिक पदों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने का भरोसा दें।



