CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बिहान योजना से महिलाओं को मिला रोजगार
CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक हस्तशिल्प को आजीविका का साधन बना लिया है। कांसाबेल के सेम्हर कछार गांव की हरियाली स्व-सहायता समूह की महिलाएं छिंद कासा से टोकरी और अन्य उत्पाद बनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और सांस्कृतिक परंपरा को भी आगे बढ़ा रही हैं।
बिहान योजना से महिलाओं को मिला स्वरोजगार
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन – बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम सेम्हर कछार की हरियाली स्व-सहायता समूह की 11 महिलाएं इस योजना के माध्यम से पारंपरिक हस्तशिल्प तैयार कर अपनी आजीविका मजबूत कर रही हैं। महिलाएं छिंद कासा का उपयोग कर आकर्षक टोकरी और अन्य पारंपरिक उत्पाद बना रही हैं, जिनकी स्थानीय बाजारों में अच्छी मांग है।
पारंपरिक कला से आर्थिक सशक्तिकरण
समूह की सदस्य श्रीमती बालमुनि भगत बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले महिलाएं घरेलू कामों तक सीमित थीं, लेकिन अब वे अपनी मेहनत और कौशल के दम पर अच्छी आमदनी कर रही हैं। यह काम उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी दे रहा है। हस्तशिल्प निर्माण उनके लिए केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बन गया है।
महिलाओं को मिली नई पहचान
समूह की महिलाओं को बिहान योजना के तहत प्रशिक्षण, सहयोग और विपणन की सुविधाएं मिल रही हैं। इसके कारण उनके उत्पाद स्थानीय हाट-बाजार और मेलों में लोकप्रिय हो रहे हैं। महिलाएं अब घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान बना रही हैं। समूह की सदस्याओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। हस्तशिल्प उनके लिए आज आय का प्रमुख साधन बन चुका है।




