CG News: बस्तर के वनांचल में चिरायु योजना बनी वरदान, सफल ऑपरेशन के बाद मुस्कुरा रहा नन्हा विक्रम
CG News: चिरायु योजना का उद्देश्य उन परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है, जो आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभ के पात्र नहीं हैं। इस योजना के तहत अंत्योदय परिवारों और दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी योजना के माध्यम से बस्तर जिले के एक छोटे से गांव के नन्हे बच्चे की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है।
जन्मजात समस्या से जूझ रहा था विक्रम
बस्तर जिले के सुदूर वनांचल में बसे तारागांव का 6 वर्षीय बालक विक्रम कश्यप जन्म से ही कटे होंठ और तालु (क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट) की समस्या से पीड़ित था। इस कारण उसे भोजन करने में कठिनाई होती थी और उसकी बोलचाल भी स्पष्ट नहीं थी। एक मजदूर परिवार से होने के कारण उसके इलाज की उम्मीद भी बेहद कम थी।
हीन भावना से घिरा रहता था बच्चा
विक्रम के लिए यह समस्या केवल शारीरिक तकलीफ ही नहीं थी, बल्कि सामाजिक तौर पर भी उसे कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। गांव के लोगों की नजरों और बच्चों के बीच झिझक के कारण वह अक्सर अपना चेहरा छिपाकर रहता था और खुलकर हंसने से कतराता था।
चिरायु दल ने बदली किस्मत
विक्रम की जिंदगी में बदलाव तब आया, जब शासन का चिरायु दल आंगनवाड़ी जांच के लिए तारागांव पहुंचा। जांच के दौरान टीम ने उसकी समस्या को पहचाना और उसके पिता नरसिंग कश्यप को बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के सहयोग और लगातार समझाइश के बाद परिवार ऑपरेशन के लिए तैयार हो गया।
रायपुर में हुआ सफल ऑपरेशन
स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में विक्रम को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफल सर्जरी कर उसके कटे होंठ और तालु को ठीक किया। ऑपरेशन के कुछ ही समय बाद विक्रम की जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
अब खिलखिलाकर हंस रहा है विक्रम
सफल ऑपरेशन के बाद विक्रम अब साफ आवाज में बात कर पा रहा है और घर में भी अपनी मां की मदद करता है। जो बच्चा पहले अपना चेहरा छिपाकर चलता था, आज वही पूरे आत्मविश्वास के साथ मुस्कुरा रहा है। उसके पिता नरसिंग कश्यप का कहना है कि चिरायु योजना उनके बेटे के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
योजना से मिली नई उम्मीद
विक्रम की यह कहानी बस्तर से यह संदेश दे रही है कि सही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासन की तत्परता से किसी भी बच्चे का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है। विक्रम के माता-पिता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


