CG News: PM सूर्य घर योजना से महासमुंद में बिजली क्रांति, हजारों परिवार बने ऊर्जा आत्मनिर्भर
CG News: केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से आवासीय परिवारों को अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर बिजली स्वयं उत्पन्न करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। महासमुंद जिले में अब तक 2548 हितग्राही इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जबकि 7146 नागरिकों ने आवेदन किया है। इनमें से 6620 लोगों ने वेंडर का चयन भी कर लिया है।
सोलर रूफटॉप पर मिल रही बड़ी सब्सिडी
योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए और राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। इससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिल रही है और साथ ही अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है। महासमुंद जिले में इस योजना के प्रति लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

हितग्राहियों ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार
योजना से लाभान्वित नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें। उनका कहना है कि अब लोग केवल बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक और पर्यावरण रक्षक भी बन सकते हैं।
मकान के साथ मन भी रहता है ऊर्जित
इमली भाठा निवासी श्रीमती ऊषा साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना से उन्हें नियमित और सस्ती ऊर्जा मिल रही है। इससे बिजली बिल में काफी कमी आई है और परिवार की आर्थिक बचत भी बढ़ी है।
इसी तरह महासमुंद निवासी यामिनी यदु ने बताया कि योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने में सरकार से सब्सिडी मिली, जिससे खर्च काफी कम हो गया। अब घर में दिनभर बिजली उपलब्ध रहती है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देने से भी लाभ मिलता है। उनका कहना है कि इससे मकान के साथ-साथ मन भी ऊर्जित रहता है।
बिजली बिल लगभग शून्य
कुम्हार पारा महासमुंद निवासी गेंद लाल साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उनके घर की छत पर सोलर पैनल लगने से बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब सौर ऊर्जा से घर की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं।
वहीं वर्धमान नगर निवासी घनश्याम ध्रुव ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद बिजली कटौती की समस्या भी समाप्त हो गई है। अब घर में पंखा, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बिना किसी परेशानी के चल रहे हैं। उनका कहना है कि सौर ऊर्जा का उपयोग पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है और इससे घर का मासिक खर्च भी कम हो गया है।




