CG News: जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर नए बैराज के निर्माण की स्वीकृति, मुख्यमंत्री से महापौर ने की सौजन्य मुलाकात
CG News: आज विधानसभा भवन स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
बस्तर क्षेत्र का समग्र विकास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि बस्तर में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। क्षेत्र में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और धीरे-धीरे शांति स्थापित हो रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।
सिंचाई परियोजनाओं और जल प्रबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। पानी के कम अपव्यय और किसानों तक बेहतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य कर रही है।
बजट और बैराज निर्माण की जानकारी
उल्लेखनीय है कि बजट में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंद्रावती नदी के महादेव घाट पर बैराज निर्माण की घोषणा की गई है। इस बैराज के निर्माण से जगदलपुर शहर को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य
इस अवसर पर नगर निगम के सभापति खेम सिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, योगेन्द्र पाण्डेय, राणा घोष सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस नए बैराज के निर्माण से जगदलपुर शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से हो पाएगी, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।



