CG News: पीएम किसान सम्मान निधि योजना 22वीं किस्त: 9.32 करोड़ किसानों के खाते में 18,650 करोड़ रुपये का अंतरण
CG News: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का अंतरण 13 मार्च, 2026 को शाम 5 बजे गुवाहाटी (असम) से किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,650 करोड़ रुपये से अधिक का सीधे अंतरण किया जाएगा।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के किसान लाभान्वित
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 1,27,544 पात्र किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस दिन जिले में पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

योजना की विशेषताएँ और पारदर्शिता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शिता है। राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है।
किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती का खर्च कम होता है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 12 से 31 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव आयोजित किया जाएगा। इस ड्राइव में निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे:
• एग्रीस्टेक पोर्टल में फार्मर आईडी पंजीयन
• ई-केवाईसी और आधार सीडिंग
• संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन और सुधार
• पात्र किसानों का नवीन पंजीयन
इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाएगा और उनके लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे।




