CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्व. सुरुज बाई खांडे की पुण्यतिथि पर दी विनम्र श्रद्धांजलि
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रख्यात भरथरी गायिका स्व. सुरुज बाई खांडे की पुण्यतिथि पर उनके कला योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-दुनिया तक पहचान दिलाई।
लोक संस्कृति और लोकगायन परंपरा से विशिष्ट पहचान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रख्यात भरथरी गायिका स्वर्गीय सुरुज बाई खांडे की पुण्यतिथि 10 मार्च 2026 पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व. सुरुज बाई खांडे छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और लोकगायन परंपरा की एक विशिष्ट पहचान थीं। उन्होंने अपने अद्भुत कला कौशल, मधुर स्वर और समर्पित साधना के माध्यम से भरथरी गायन परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया तथा छत्तीसगढ़ की लोकधारा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्व. सुरुज बाई खांडे ने लोक परंपराओं को सहेजने, उन्हें जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का जो उल्लेखनीय कार्य किया, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उनका योगदान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व. सुरुज बाई खांडे की कला, उनकी साधना और लोकसंस्कृति के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। प्रदेशवासी उनके अमूल्य योगदान को हमेशा आदर और सम्मान के साथ स्मरण करते रहेंगे।



