CG News: पीएम राहत योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए त्वरित और निःशुल्क उपचार
CG News: सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार की पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना बिलासपुर जिले में लागू कर दी गई है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 37 सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती रहने की अवधि के दौरान अधिकतम 7 दिनों तक या 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी।
गोल्डन ऑवर में तत्काल उपचार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) बिलासपुर, डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान घायल व्यक्तियों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर इलाज से उनकी जान बचाई जा सके। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, और राज्य स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सरकारी अस्पताल योजना में शामिल
योजना में जिले के कुल 6 सरकारी अस्पताल पंजीकृत किए गए हैं, जहां घायल व्यक्तियों को तत्काल इलाज मिलेगा, योजना के तहत जिले के 31 निजी अस्पताल पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल और कैशलेस उपचार मिलेगा।
नागरिकों से अपील
सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी पंजीकृत अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करें, ताकि समय पर उपचार मिलने से गंभीर परिणामों से बचा जा सके।




