CG News: भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री लक्ष्मी वर्मा बनीं छत्तीसगढ़ से निर्विरोध राज्यसभा सांसद
CG News: छत्तीसगढ़ की दिग्गज भाजपा नेता लक्ष्मी वर्मा राज्यसभा की सदस्य चुन ली गई हैं। उनका निर्विरोध चुनाव हुआ, और रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। प्रदेश भाजपा की मुखर और सक्रिय नेत्री के रूप में उनके सांसद बनने से महिलाओं में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी मे नामांकन
गुरुवार, 5 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा की मौजूदगी में लक्ष्मी वर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया। बलौदाबाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली लक्ष्मी वर्मा पिछले तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष तक का सफर तय किया है।

लक्ष्मी वर्मा का राजनीतिक सफर
लक्ष्मी वर्मा ने 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता लेकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। 2000 में उन्हें रायपुर के तत्कालीन सांसद रमेश बैस का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया, जो उनके लिए महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुआ। 2001 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा की कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया, जहां उन्होंने महिलाओं को संगठित करने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

2010-2014 के बीच उन्होंने भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य के रूप में राष्ट्रीय पहचान बनाई। 2021 से 2025 तक उन्हें भाजपा छत्तीसगढ़ का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। इसी दौरान 2021-2024 में उन्होंने गरियाबंद जिले के संगठन प्रभारी और पार्टी की आधिकारिक मीडिया प्रवक्ता के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं।
चुनावी और प्रशासनिक जिम्मेदारियां
लक्ष्मी वर्मा ने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई महत्वपूर्ण चुनावी और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को सफलता पूर्वक निभाया।
- 1994 में रायपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 7 से पार्षद निर्वाचित हुईं।
- स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ बनाने के बाद, 2010 में उन्होंने रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष का पद संभाला।
उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें प्रदेश में भाजपा के सबसे भरोसेमंद नेताओं में से एक बना दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी उनके योगदान की सराहना की है और उनके राज्यसभा सांसद बनने को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।



