CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान दूतावास के मंत्री की सौजन्य मुलाकात, निवेश और औद्योगिक सहयोग पर चर्चा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक नीति और निवेश के अवसरों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग तथा विकास की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

पारंपरिक तरीके से किया स्वागत
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर तथा भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच आपसी सहयोग और निवेश को बढ़ाने के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ।
औद्योगिक नीति और निवेश के अवसरों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर अपनी जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति, निवेश को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है, जिससे निवेशकों को आकर्षक अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
जनप्रतिनिधि भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक किरण देव एवं विधायक सुशांत शुक्ला भी उपस्थित थे। सभी ने प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर चर्चा की।



