CG News: नवा रायपुर और रायपुर जिले के चार इलाकों में नई तहसीलें, अब प्रशासनिक काम होगा आसान
CG News: नवा रायपुर के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें जमीन, मुआवजा या राजस्व संबंधित कामों के लिए बार-बार रायपुर शहर या आसपास की तहसीलों में नहीं जाना पड़ेगा। राज्य सरकार ने नवा रायपुर को तहसील बनाने की अधिसूचना जारी कर दी है।

रायपुर जिले में अन्य नई तहसीलें
नवा रायपुर के साथ ही रायपुर जिले में मंदिर हसौद, अभनपुर, धरसींवा और तिल्दा-नेवरा को भी नई तहसील का दर्जा मिला है। इससे स्थानीय लोग अपने राजस्व और प्रशासनिक कार्य वहीं की नई तहसील में निपटा सकेंगे, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने नई तहसील बनाने की अधिसूचना जारी की है। नई तहसील की सीमाओं को लेकर दावा-आपत्ति मंगाई गई थी, जिसमें कुछ ही आपत्तियां आईं और उनका निराकरण कर दिया गया।
नई तहसीलों में शामिल गांव
नए तहसील के अंतर्गत कुल 39 गांव शामिल किए गए हैं, जैसे फ्लौद, पलौद, रीको, सेंध, चींचा, बरौंदा, रमचंडी, कयाबांधा, झांझ, नवागांव, खपरी, कुहेरा, राखी, कोटनी, कोटराभाटा, तांदुल, मंदिर हसौद, उपरवारा, तूता, झांकी, खंडवा, टेमरी और अन्य।
लोगों को मिलेगा फायदा
नई तहसील बनने से राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। लोगों को जमीन नामांतरण, खसरा सुधार, बटांकन, डायवर्सन और प्रमाण-पत्र जैसे कामों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही प्रशासन की उपस्थिति से सुरक्षा और कानून व्यवस्था में सुधार भी होगा।



