CG News: महिला अपराध रोकने रायगढ़ पुलिस ने बनाई ‘हेलो सिस्टर’ टीम, 24 घंटे सहायता उपलब्ध
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए नई पहल की है। जिले में अब ‘हेलो सिस्टर’ टीम का गठन किया गया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह टीम 24 घंटे अलर्ट रहेगी और किसी भी प्रकार की आपात सूचना पर तुरंत पीड़ित महिला की मदद करेगी।
![]()
टीम का गठन और नेतृत्व
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस टीम के गठन की घोषणा की। टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम में महिला थाना प्रभारी, एएसआई, महिला हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और पुरुष एसआई समेत कुल 12–14 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
कैसे मिलेगी तुरंत सहायता
जिले के किसी भी हिस्से से पीड़ित महिला ‘हेलो सिस्टर’ टीम के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकती है। कॉल मिलने के बाद टीम तुरंत पीड़ित महिला से संपर्क करेगी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी। शहरी क्षेत्रों में टीम सीधे मौके पर पहुंचेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित थाना की मदद से मदद की जाएगी।
महिला अपराध रोकने की दिशा में कदम
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए यह टीम महिला थाना के साथ काम करेगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और त्वरित सहायता प्रदान करना है।



