CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से महिलाओं को मिल रहा नया आत्मविश्वास, पूनम देवी बनीं ‘लखपति दीदी’
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है। राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भर बनते हुए अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ( बिहान) के जरिए हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इसी बदलाव की एक प्रेरणादायक मिसाल जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा की श्रीमती पूनम देवी हैं।
स्व-सहायता समूह से बदली जीवन की दिशा
गणेश महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती पूनम देवी आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में जानी जाती हैं। कभी सीमित संसाधनों के साथ घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाली पूनम देवी ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन की दिशा बदल दी। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी मिली, जिससे उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई।
पहले मजदूरी, अब खुद का व्यवसाय
पूनम देवी बताती हैं कि पहले वे घर-गृहस्थी के कामकाज तक ही सीमित थीं और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए मजदूरी पर निर्भर रहना पड़ता था। आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण कई बार परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो जाता था। इसी दौरान उन्होंने गणेश महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने का निर्णय लिया, जो उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।

मुद्रा योजना से मिला व्यवसाय को विस्तार
समूह की अन्य महिलाओं को मछली पालन, बकरी पालन और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित करते देख उन्हें भी प्रेरणा मिली। वर्ष 2025 के मार्च माह में उन्होंने Pradhan Mantri Mudra Yojana के तहत 1 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया और इस राशि का उपयोग अपने छोटे से किराना दुकान के विस्तार में किया।
हर माह हो रही अच्छी आय
किराना दुकान को व्यवस्थित और बड़ा करने के बाद उनके व्यवसाय में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगी। वर्तमान में उनकी दुकान से हर माह लगभग 30 से 35 हजार रुपये तक की बिक्री हो जाती है। इस आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी बेहतर तरीके से कर पा रही हैं।
अन्य महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
पूनम देवी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिरता दोनों आए हैं। आज वे न केवल अपने परिवार के लिए मजबूत सहारा बनी हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
सरकार की योजनाओं से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इन प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर समाज में नई पहचान बना रही हैं और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।



