CG News: पीएम आवास योजना 2.0 में छत्तीसगढ़ को मिली 28,461 घरों के निर्माण की स्वीकृति, 435 करोड़ की केंद्रीय सहायता
CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ में 28,461 नए पक्के घरों के निर्माण के लिए 435 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय सहायता स्वीकृत हुई है। केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति ने राज्य की 263 परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें लाभार्थी आधारित निर्माण और किफायती आवास परियोजनाएं शामिल हैं।

लाभार्थी आधारित निर्माण और किफायती आवास परियोजनाएं
लाभार्थी आधारित घटक के तहत 13,058 आवासों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें पात्र हितग्राही अपनी भूमि पर घर बना सकेंगे। प्रथम और द्वितीय बैच में क्रमशः 3,844 और 9,214 आवासों के लिए 57.66 करोड़ और 138.21 करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता मिली है, किफायती आवास साझेदारी घटक के तहत 15,363 आवास बनाए जाएंगे, जिनमें स्लम पुनर्विकास और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास शामिल हैं। इनकी प्रति इकाई लागत 5.75 लाख रुपए तय की गई है और सभी परियोजनाएं 36 महीनों में पूरी होंगी।
रतनपुर में नवाचारी डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट
बिलासपुर जिले के रतनपुर में एक अभिनव डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट को भी मंजूरी मिली है। इसमें आधुनिक तकनीकों से 40 आवास बनाए जाएंगे, जिन्हें भवन निर्माण सामग्री एवं प्रौद्योगिकी संवर्धन परिषद (BMPTC) द्वारा विकसित किया जाएगा। राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) इन आवासों को पात्र लोगों को किराये पर उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री साय ने किया आभार व्यक्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस स्वीकृति से हजारों जरूरतमंद परिवारों का पक्का घर बनाने का सपना साकार होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नियमित समीक्षा और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास दिलाने के लिए काम कर रही है।
प्रदेश में ‘सभी के लिए आवास’ का संकल्प
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक आवास प्रदान करना है। छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्रीय सहायता का प्रभावी उपयोग कर प्रदेश में शहरी गरीबों के लिए इस लक्ष्य को साकार करने की दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं।




