CG News: मुख्यमंत्री साय ने UPSC 2025 में सफल छत्तीसगढ़ के युवाओं को दी बधाई, वीडियो कॉल के जरिए किया अभ्यर्थियों से संवाद
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल हुए छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों को वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने खरसिया (रायगढ़) के रौनक अग्रवाल, रायपुर के संजय डहरिया, धमतरी जिले के डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया।

परिवारजनों को भी दी बधाई
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों के परिवारजनों से भी बातचीत की और इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि पूरे परिवार और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
युवा प्रतिभा का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य से प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि लगातार प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊँचाई को हासिल किया जा सकता है।
प्रदेश का गौरव और राष्ट्र निर्माण में योगदान
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से सिविल सेवा में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह साबित करता है कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये सभी युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।




