CG News: 25 मार्च से 6 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’, रायपुर-सरगुजा-बस्तर में होंगे मुकाबले
CG News: छत्तीसगढ़ में जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के मुकाबले रायपुर, सरगुजा और बस्तर के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर इस आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली।

युवाओं को नई दिशा देगा आयोजन – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 वनांचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर देगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगा।
तीन संभागों में होंगे अलग-अलग खेल
इस आयोजन में कुल 7 प्रतिस्पर्धात्मक और 2 प्रदर्शनात्मक खेल आयोजित किए जाएंगे।
• रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, स्विमिंग और कबड्डी (डेमो) प्रतियोगिताएं होंगी।
• सरगुजा में कुश्ती और मलखम्ब (डेमो) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
• बस्तर में एथलेटिक्स के मुकाबले होंगे।
इस प्रतियोगिता में देश के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की गई। इसके अलावा अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 1.65 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार इन प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
खेल अधोसंरचना और योजनाओं की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक में खेल अधोसंरचना के निर्माण, खेलो इंडिया की केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन, खेल अकादमियों की गतिविधियों और युवा महोत्सव सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।



