CG News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायपुर में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि
CG News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी और अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
लखपति दीदियों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिलाओं से संवाद करेंगे और उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे। साथ ही शासन की योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
नई पुस्तकों और पोर्टल का होगा शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के हाथों ‘लखपति दीदी’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड बुक का विमोचन किया जाएगा। इसके साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नई जानकारी और अवसर मिल सकेंगे।
उत्कृष्ट महिलाओं को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




