CG News : सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
CG News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

निर्माण के दौरान ही फील्ड में निगरानी जरूरी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क बनने के बाद नहीं, बल्कि निर्माण के दौरान ही नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण अधोसंरचना हैं और उनकी गुणवत्ता सरकार की विश्वसनीयता से भी जुड़ी होती है।

सड़क परियोजनाओं के लिए तय होगी समय-सीमा
मुख्यमंत्री साय ने टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम दर पर टेंडर लेने वाले ठेकेदारों को भी निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा में काम पूरा करना होगा।
दूरस्थ गांवों को सड़क और पुल-पुलियों से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ऐसे गांव, जहां बरसात में संपर्क टूट जाता है, उन्हें प्राथमिकता के साथ सड़कों और पुल-पुलियों के माध्यम से जोड़ा जाए। इससे ग्रामीणों को आवागमन और आवश्यक सेवाओं में सुविधा मिलेगी।

आधुनिक डिजाइन से बनाए जाएं शासकीय भवन
बैठक में मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों के निर्माण में आधुनिक डिजाइन और तकनीक अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भवनों का निर्माण उनकी उपयोगिता के अनुरूप हो और भूमि के बेहतर उपयोग के लिए वर्टिकल संरचना को बढ़ावा दिया जाए।




