लोकतंत्र सेनानी महावीर प्रसाद जैन के निधन पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के वरिष्ठ समाजसेवी और लोकतंत्र सेनानी महावीर प्रसाद जैन के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि महावीर प्रसाद जैन ने अपना संपूर्ण जीवन समाजहित, राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से आपातकाल के दौर में उन्होंने साहस और प्रतिबद्धता के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उस कठिन समय में उनका धैर्य, त्याग और सिद्धांतों के प्रति अडिगता लोकतांत्रिक चेतना के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जैन का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। समाज और राष्ट्र के प्रति उनका योगदान लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।

