CG News: छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था मजबूत, विकास के नए कीर्तिमान,मुख्यमंत्री साय ने आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में प्रगति का सार प्रस्तुत किया
CG News: विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 को प्रदेश की मजबूत, संतुलित और विकासोन्मुख अर्थव्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियाँ, किसानों के हित में निर्णय, औद्योगिक निवेश और सेवा क्षेत्र के विस्तार ने छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है, सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 2025-26 में लगभग 6,31,291 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो 11.57% की वृद्धि दर्शाता है और राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

कृषि क्षेत्र में मजबूत वृद्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 12.53% वृद्धि अनुमानित है। यह किसानों की मेहनत, तकनीकी नवाचार, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में तेजी
उद्योग क्षेत्र में 10.26% वृद्धि और अर्थव्यवस्था में उद्योग का योगदान लगभग 49% है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे प्रदेश की आर्थिक संरचना मजबूत हो रही है।
सेवा क्षेत्र बना नई अर्थव्यवस्था का आधार
सेवा क्षेत्र में 13.15% वृद्धि अनुमानित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटी और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं और अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है, 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय लगभग 1.79 लाख रुपये होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से 10.07% अधिक है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेशवासियों की बढ़ती आय और सरकार की विकासोन्मुख नीतियों का सकारात्मक परिणाम बताया।
हर परिवार की समृद्धि हमारा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर परिवार की आय बढ़ाना, जीवन स्तर बेहतर करना और समृद्धि हर घर तक पहुंचाना है। विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान और मजबूत करेगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


