Jashpur News: 62वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने इचकेला की तीन प्रतिभाशाली क्रिकेटर बेटियों का किया सम्मान
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम बगिया में जशपुर विकासखंड के इचकेला की तीन प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों आकांक्षा रानी, वर्षा बाई और अनन्या साहू से भेंट की, उन्होंने खिलाड़ियों को 15 क्रिकेट किट और गेंद उपहार स्वरूप भेंट की.
प्रशिक्षण और स्टेडियम की पहल
राज्य सरकार इन लड़कियों के क्रिकेट जुनून को देखकर बालाछापर में स्टेडियम और एकेडमी स्थापित कर रही है, योग्य प्रशिक्षकों के माध्यम से छात्र-खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रतिभाओं को तराशा जा सके, वर्तमान में खिलाड़ी अपने हॉस्टल के पास मैदान में सुबह-शाम नियमित अभ्यास करती हैं.

छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना
मुख्यमंत्री ने शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की, उन्होंने कहा कि, सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है.
मार्गदर्शकों का योगदान
इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संतोष, शंकर सोनी और पंडरी बाई का मार्गदर्शन प्राप्त है, उनके समर्पित प्रशिक्षण और सतत योगदान की वजह से जशपुर की बेटियां क्रिकेट की दुनिया में नई इबारत लिख रही हैं.
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय उपलब्धियाँ
इचकेला एमसीसी की बालिकाओं का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है,
• अंडर-17 क्रिकेट: सरगुजा संभाग ने 25 साल बाद स्वर्ण पदक जीता, जिसमें विजेता टीम के 11 में से 9 खिलाड़ी इचकेला से थीं,
• अंडर-19 क्रिकेट: सरगुजा संभाग ने रजत पदक जीता, जिसमें टीम की 11 में से 8 खिलाड़ी इचकेला से थीं,
• राष्ट्रीय इंटर-स्टेट टूर्नामेंट: रायगढ़ में आयोजित टूर्नामेंट में इचकेला की टीम ने देशभर की टीमों को पछाड़कर पहला स्थान प्राप्त किया.
संकल्प और भविष्य की दिशा
छात्राओं ने मुख्यमंत्री से उपहार पाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और संकल्प लिया कि, वे भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम तक पहुंचकर जिले का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करेंगी.




