CG News: मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का श्रवण किया
CG News: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ श्रवण किया, इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक और प्रेरक प्रयासों को सामने लाने वाला सशक्त मंच बन चुका है, यह कार्यक्रम सेवा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है और हर माह लोग इसके प्रसारण का बेसब्री से इंतजार करते हैं.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारत की बढ़ती क्षमता और संभावनाओं पर प्रकाश डाला, हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी ताकत को विश्व स्तर पर सराहा गया, ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल लॉन्च देश की नवाचार क्षमता का प्रमाण है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि, छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप संस्कृति और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए तकनीकी नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
कृषि और भारतीय नवाचार का संगम
कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, भारत में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और देश विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है, इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के किसानों, वैज्ञानिकों और नीतिगत प्रयासों का अहम योगदान है, उन्होंने अमूल के माध्यम से डेयरी प्रबंधन में एआई के उपयोग और ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण को भारतीय परंपरा और आधुनिक तकनीक के उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण बताया.
सामाजिक जागरूकता और मानवता के प्रेरक उदाहरण
कार्यक्रम में केरल की 10 माह की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान के निर्णय का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे मानवता की मिसाल बताया, साथ ही डिजिटल फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने, केवाईसी और बैंकिंग सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया, मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश के बढ़ते कदमों को दर्शाता है और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है.




