CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 62वें जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, सेवा और संकल्प का संदेश
CG News: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 62वें जन्मदिन के अवसर पर एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की तथा रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस शिविर का आयोजन अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर तथा शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया, जिसमें 62 लोगों के रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई। यह पहल मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा और समाजहित से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास माना गया।
रक्तदान को बताया महादान
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, प्रसव या गंभीर बीमारियों के समय रक्त की आवश्यकता जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय कर सकती है। ऐसे में रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगाता है। उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।
एक वर्ष में 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प
आयोजक संस्था ने एक वर्ष में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा है। जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है। इस अवसर पर सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें और सड़क यातायात नियमों का पालन कर अपने तथा दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल
मुख्यमंत्री साय ने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों, चिकित्सक दल और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना भी है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अल्फा ग्लोब फाउंडेशन की संचालक डॉ. पूनम अग्रवाल तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 2026: नए भवन में ऐतिहासिक शुरुआत


