CG News: 62वें जन्मदिन पर CM साय को PM मोदी, HM शाह और राज्यपाल की शुभकामनाएं
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं और देशभर से उन्हें बधाइयाँ मिल रही हैं और उनके नेतृत्व की सराहना की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री
21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में जन्मे विष्णुदेव साय एक साधारण कृषक परिवार से आते हैं। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने कुनकुरी के लोयोला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की।आदिवासी समाज से आने वाले साय प्रदेश के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। सामाजिक कार्यों से शुरुआत कर उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और संगठन के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई।
पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर
1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1990 में वे निर्विरोध सरपंच चुने गए। इसके बाद 1990 से 1998 तक तपकरा क्षेत्र से मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। साल 1999 में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से 13वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए। इसके बाद 2004 और 2009 में भी रायगढ़ से सांसद बने। 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए। 27 मई 2014 से 2019 तक वे केंद्र सरकार में इस्पात, खान, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे।
सगंठन में भूमिका
संगठन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे 2006 में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने और बाद में 2011 तथा 2020 से 2022 तक दोबारा यह जिम्मेदारी संभाली। 2 दिसंबर 2022 को उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया तथा 8 जुलाई 2023 को राष्ट्रीय कार्य समिति का सदस्य नामित किया गया। विधानसभा चुनाव 2023 में वे कुनकुरी सीट से विधायक चुने गए। 10 दिसंबर 2023 को विधायक दल ने उन्हें अपना नेता चुना और वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने।
विकास परियोजनाओं में जोर
मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने प्रदेश में विकास को नई गति देने का प्रयास किया है। सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आदिवासी क्षेत्रों के सशक्तिकरण सहित आदिवासी और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस,बुनियादी ढांचे के विस्तार को गति,युवाओं और किसानों के लिए योजनाओं को प्राथमिकता,सुशासन और पारदर्शिता पर जोर,केंद्र-राज्य समन्वय से विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाना पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखा है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रगति और विश्वास की राह पर अग्रसर है।
शीर्ष नेतृत्व ने दी शुभकामनाएँ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री साय को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की तथा छत्तीसगढ़ के विकास में उनके प्रयासों की सराहना की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कामना की। वहीं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उनके सफल और जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर से समर्थक और कार्यकर्ता उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सफल राजनीतिक जीवन की प्रार्थना कर रहे हैं।



