CG News: जशपुर की धरती से जननेता तक: साय सरकार के फैसलों की चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस पर उनके दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां सामने आईं। किसानों को धान का अंतर भुगतान, महिलाओं के सशक्तिकरण, औद्योगिक निवेश और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाओं से राज्य में विकास को नई दिशा मिलने का दावा किया गया।
साधारण पृष्ठभूमि से शिखर तक
विष्णुदेव साय का जन्म 21 फरवरी को जशपुर जिला के बगिया गांव में हुआ। आदिवासी पृष्ठभूमि से आने वाले साय को सरलता और जनसंपर्क के लिए जाना जाता है। दो वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में विकास योजनाओं को गति देने के साथ आम लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। सरकार का दावा है कि उनकी दूरदर्शी नीतियों से राज्य प्रगति के नए चरण में पहुंचा है।
किसानों और महिलाओं के लिए बड़े फैसले
राज्य कैबिनेट ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतर राशि होली से पहले देने का निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। वहीं महतारी वंदन योजना के जरिए 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये सहायता मिल रही है। महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण, पोषण योजनाएं और महतारी सदन निर्माण जैसे कदम भी उठाए गए हैं।
बुनियादी सुविधाएं और विकास का दावा
सरकार के अनुसार नई औद्योगिक नीति से 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26 लाख परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए, जबकि 41 लाख से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचाया गया। रेल और सड़क परियोजनाओं, विद्युतीकरण और शहरी विकास योजनाओं के जरिए राज्य को नई आर्थिक दिशा देने का प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों को साथ लेकर समग्र विकास का लक्ष्य आगे बढ़ाने की बात कही है।



