CG News: नवा रायपुर बनेगा एआई हब, 1000 करोड़ के डेटा सेंटर पार्क ने खींचा ध्यान
CG News: नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के आकर्षण का केंद्र बना है। नवा रायपुर में प्रस्तावित देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क और औद्योगिक नीतियों को प्रदर्शित कर राज्य को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में प्रस्तुत किया गया।
एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ द्वारा स्थापित स्टॉल देश-विदेश से आए निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों को आकर्षित कर रहा है। “छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षमता, डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को आधुनिक डिजिटल प्रस्तुति और इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रदर्शित किया जा रहा है। इससे निवेशकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क
स्टॉल में नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। लगभग 1000 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना में एक लाख तक जीपीयू स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। यह परियोजना एआई सेवाओं, उच्च क्षमता डेटा प्रोसेसिंग और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देकर राज्य को भविष्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया युवाओं और निवेश के लिए बड़ा अवसर
विष्णु देव साय ने कहा कि समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि एआई डेटा सेंटर पार्क राज्य को डिजिटल नवाचार और उच्च तकनीकी निवेश का अग्रणी केंद्र बनाएगा। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत तकनीक क्षेत्रों में विशेष प्रोत्साहन, बेहतर कनेक्टिविटी, निर्बाध बिजली और निवेश-अनुकूल वातावरण भी प्रदर्शित किया गया। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई, जिसे सरकार भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत मान रही है।
यह भी पढ़े: CG News: PM आवास योजना पर आरोपों की खुली पोल, जांच में अधिकांश दावे निकले भ्रामक



