CG News: मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य पंचायत जनसंवाद, लोगों ने बताईं समस्याएं; अधिकारियों ने बेहतर सेवाओं का दिया भरोसा
लोगों ने रखीं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं
जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य पंचायत जनसंवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, अस्पताल सुविधाएं, डॉक्टरों की उपस्थिति, जांच व्यवस्था, एम्बुलेंस सेवा तथा गर्भवती महिलाओं की देखभाल से संबंधित समस्याएं और सुझाव साझा किए।
स्वास्थ्य योजनाओं की दी गई जानकारी
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि शासन की योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य जांच शिविर और पोषण अभियान जैसी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया।
ग्राम समितियों से तैयार होती है कार्ययोजना
जिला समन्वयक रेखा शिवहरे ने बताया कि जिले में 126 ग्राम सभा समितियां गठित हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना बनाई जाती है और उच्च अधिकारियों तक भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष में एक बार आयोजित सम्मेलन से सभी समितियों के प्रतिनिधियों को संवाद और समन्वय का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग को तुरंत जानकारी दें।




