CG News: छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर चुनाव 16 मार्च को मतदान, निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
CG News: भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी किया है। छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर चुनाव होगा, जिनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। नामांकन 26 फरवरी से 5 मार्च तक होंगे और 16 मार्च को मतदान व मतगणना होगी। पूरी प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी होगी।
छत्तीसगढ़ की दो सीटें होंगी रिक्त
छत्तीसगढ़ की पांच राज्यसभा सीटों में से दो सदस्यों—तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम—का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों को भरने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है।
नामांकन से मतदान तक पूरा कार्यक्रम
आयोग के अनुसार 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। 5 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे और 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 9 मार्च तक नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा तथा उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। उम्मीदवार नामांकन पत्र छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा करेंगे।
विधायक करेंगे मतदान
राज्यसभा चुनाव में प्रदेश के 90 विधायक मतदान करेंगे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 54, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक सदस्य शामिल है। मतदान मतपत्र के माध्यम से होगा और वरीयता अंकित करने के लिए केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए बैंगनी स्केच पेन का उपयोग मान्य होगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।




