CG News: संत समागम में पहुँचे विष्णु देव साय, स्वामी कैलाशानंद गिरी का लिया आशीर्वाद
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वर्ण भूमि में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के निवास पहुँचे, जहाँ उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी से आशीर्वाद लिया। स्वामी जी के 50वें जन्मदिन और अग्रवाल दंपत्ति की 50वीं विवाह वर्षगांठ पर नेताओं ने शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
देर रात तक संत सानिध्य में रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शाम करीब साढ़े सात बजे से रात साढ़े ग्यारह बजे तक स्वामी जी के सानिध्य में रहे और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायक भी इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत रहा।
जन्मदिन और स्वर्ण जयंती का विशेष अवसर
यह अवसर विशेष रहा क्योंकि महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी का 50वां जन्मदिन था। साथ ही गौरीशंकर अग्रवाल और श्रीमती अंगूरी देवी अग्रवाल की वैवाहिक जीवन की 50वीं वर्षगांठ भी मनाई गई। मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने स्वामी जी को जन्मदिन की बधाई दी और अग्रवाल दंपत्ति को स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
छत्तीसगढ़ को बताया भगवान राम की ननिहाल भूमि
अपने प्रवचन में स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ वासियों का सौभाग्य है कि यह भूमि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरती है। उन्होंने इस पवित्र स्थान पर आने को अपना भी सौभाग्य बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




