CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना पर सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा संदेश, एक भी व्यक्ति नहीं छूटना चाहिए
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनगणना-2027 को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों से इसे गंभीरता और सटीकता से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी। छत्तीसगढ़ में मकान सूचीकरण का पहला चरण 1 से 30 मई 2026 तक चलेगा।
एक भी व्यक्ति छूटे नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या गणना नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की दिशा तय करने वाली प्रक्रिया है। यदि आंकड़े त्रुटिपूर्ण होंगे तो योजनाओं का लक्ष्य प्रभावित होगा, इसलिए एक भी व्यक्ति या परिवार छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 की जनगणना स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना 1 मई से 30 मई 2026 तक 33 जिलों, 252 तहसीलों और 19,978 गांवों में की जाएगी। स्व-गणना की सुविधा से जनभागीदारी भी बढ़ेगी।
सूक्ष्म योजना और समन्वय पर जोर
मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए और मैदानी कर्मियों के लिए सपोर्टिव सुपरविजन पर जोर दिया। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने जनगणना को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह नीति-निर्माण का सबसे बड़ा डेटा स्रोत है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ ने कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। सम्मेलन में सभी संभागायुक्त, कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



