CG News: छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, CDS में चौथा स्थान हासिल
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली की सुप्रिया सिंह श्रीनेत को सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया। किसान परिवार से आने वाली सुप्रिया का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है। उनकी सफलता को मुख्यमंत्री ने युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने सुप्रिया और उनके परिवार को पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और ईमानदार प्रयास से साधारण पृष्ठभूमि का युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकता है। सुप्रिया की सफलता राज्य के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
किसान परिवार से सेना अधिकारी तक का सफर
मुंगेली जिला के ग्राम टेढ़ाधौंरा निवासी 23 वर्षीय सुप्रिया सिंह श्रीनेत किसान परिवार से हैं। माता संतोषी सिंह श्रीनेत और पिता वैदेही शरण सिंह ने उन्हें शिक्षा और संस्कार दिए। उन्होंने सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई कर बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग के दौरान एनसीसी में जूनियर अंडर ऑफिसर बनीं, जिससे सेना में जाने का संकल्प मजबूत हुआ।
मेहनत से मिली राष्ट्रीय स्तर की सफलता
2023 में इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद सुप्रिया ने सीडीएस परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने एसएसबी इंटरव्यू में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त की और भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयनित हुईं। पढ़ाई के साथ वे सांस्कृतिक गतिविधियों, विशेषकर नृत्य में भी सक्रिय रही हैं। उनकी उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।



