CG News: रायगढ़ में एएनएम नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना, रोजगारोन्मुखी शिक्षा का नया अवसर
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के आदिवासी बाहुल्य और दुर्गम लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कुंजरा में शीघ्र ही एएनएम नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना होने जा रही है, यह पहल क्षेत्र में उच्च एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा के नए द्वार खोलेगी और मुख्यधारा से वंचित आदिवासी, अनुसूचित जाति तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी.

स्थानीय बेटियों के सपनों को मिलेगी उड़ान
लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ जैसे दुर्गम वनांचल क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियां अब अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी, इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी, यह लंबे समय से वनांचल क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग रही है.
मुख्यमंत्री की मंशा और जिला प्रशासन की पहल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिले में एएनएम महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक निर्देश दिए, जिला प्रशासन ने इन निर्देशों के अनुरूप ठोस पहल शुरू कर दी है, यह अभिनव पहल रोजगारपरक और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है.
पैनआईआईटी एलुमनी फाउंडेशन द्वारा संचालन
महाविद्यालय का संचालन देश की प्रतिष्ठित संस्था पैनआईआईटी एलुमनी फाउंडेशन करेगी, यह सुनिश्चित करेगा कि, शिक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता उच्च स्तर की रहे। महाविद्यालय की शुरुआत प्रथम वर्ष में 120 सीटों के साथ होगी.
अधोसंरचना और संसाधनों की तैयारी
शासकीय भवन का जीर्णोद्धार जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से कराया जाएगा, पैनआईआईटी एलुमनी फाउंडेशन द्वारा आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, छात्राओं का चयन आदिवासी क्षेत्रों में निवासरत गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाली 12वीं उत्तीर्ण प्रतिभाशाली बेटियों को प्राथमिकता देते हुए किया जाएगा.
संपूर्ण शिक्षा एवं रोजगार की व्यवस्था
छात्राओं को पूरे अध्ययन काल में शिक्षा, पुस्तकें, आवास, भोजन और कॉलेज आने-जाने की सुविधा मिलेगी, दो वर्षीय अध्ययन पूर्ण होने पर उन्हें राज्य, जिला और राष्ट्रीय प्रतिष्ठित अस्पतालों में 100% रोजगार की व्यवस्था मिलेगी, छात्राएं एम्स, चिकित्सा महाविद्यालयों और जिला अस्पतालों में शासकीय, संविदा या अशासकीय सेवाओं में कार्य करने के लिए दक्ष बनेंगी, इसके साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का अवसर भी उनके लिए खुला रहेगा.


