CG News: डिजिटल पुलिसिंग की ओर बड़ा कदम, हर एफआईआर की अब डिजिटल मॉनिटरिंग
CG News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, प्रदेश में अब हर एफआईआर की डिजिटल निगरानी की जा रही है, पहले मामलों की समीक्षा हाथ से लिखकर की जाती थी, जिससे जांच में देरी होती थी, अब राज्य सरकार की अभिनव पहल के तहत विकसित अपराध समीक्षा एप्लीकेशन के माध्यम से एफआईआर का विश्लेषण, समय-सीमा में विवेचना और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है.
ऑनलाइन कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम लागू
पुलिस मुख्यालय में ऑनलाइन कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया गया है, शिकायत दर्ज होते ही वह संबंधित एसपी, डीएसपी और थाने तक तुरंत पहुंच जाती है, यदि 30 दिनों में समाधान नहीं होता, तो सिस्टम में अलार्म सक्रिय हो जाता है, इससे शिकायतों के निपटारे में तेजी आई है और जवाबदेही बढ़ी है.
नशे और ऑनलाइन गैंबलिंग पर कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने बताया कि, एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है, राज्य में अनधिकृत ऑनलाइन गैंबलिंग प्लेटफॉर्म पर पहली बार बड़ी कार्रवाई करते हुए 255 ऑनलाइन लिंक और पोर्टल ब्लॉक किए गए हैं, साइबर अपराध से जुड़े खातों को सीज किया गया है और फर्जी सिम जारी करने वाले 165 पीओएस संचालकों को गिरफ्तार किया गया है.
गौ-वंश तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि गौ-वंश वध, अवैध परिवहन और व्यापार में शामिल आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, 19 आदतन आरोपियों की सूची तैयार कर उनकी लगातार निगरानी की जा रही है, पुलिस ने ऐसे मामलों में 142 वाहनों को जब्त कर राजसात किया है, जिनमें से 27 वाहनों की नीलामी भी की जा चुकी है, राज्य सरकार का कहना है कि, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नियंत्रण के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है.




