CG News: छत्तीसगढ़ मॉडल से प्रभावित हुए सिक्किम के पत्रकार
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिक्किम के पत्रकारों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की जनकल्याण योजनाओं, पुनर्वास नीति, पर्यटन और औद्योगिक विकास की जानकारी दी। पत्रकारों ने विकास कार्यों की सराहना की और ‘थांका’ पेंटिंग भेंट कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत किया।
सिक्किम के पत्रकारों से मुख्यमंत्री का आत्मीय संवाद
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अध्ययन भ्रमण पर आए सिक्किम के पत्रकारों से मुलाकात की। उन्होंने राजकीय गमछा भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ 44% वन क्षेत्र और 31% आदिवासी आबादी वाला राज्य है, जहां वनोपज संग्रहण और मूल्य संवर्धन से जनजातीय समुदाय सशक्त हो रहा है। जशपुर में ‘जशप्योर’ ब्रांड से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
पुनर्वास और जनकल्याण योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण पर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हाल ही 6,000 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। नक्सलवाद पर नियंत्रण के लिए पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को आर्थिक सहायता और कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम’ कैफे इसका उदाहरण है।
उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान
मुख्यमंत्री ने ‘नियद नेल्ला नार’ योजना, मेडिसिटी परियोजना और नई औद्योगिक नीति का उल्लेख किया, जिससे 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। चित्रकोट जलप्रपात, कुटुम्बसर गुफाएं और अबूझमाड़ जैसे स्थल पर्यटन की पहचान हैं। पत्रकारों ने भिलाई स्टील प्लांट का दौरा किया और विकास कार्यों की सराहना की। दल ने मुख्यमंत्री को सिक्किम की पारंपरिक ‘थांका’ पेंटिंग भेंट की, जिसे सांस्कृतिक सम्मान का प्रतीक बताया गया।



