CG News: छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को बड़ी सौगात, बैंक ऑफ महाराष्ट्र से हुआ एमओयू
CG News: छत्तीसगढ़ शासन और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के बीच हुए एमओयू के तहत राज्य कर्मचारियों को ‘गवर्नमेंट प्राइड सैलरी सेविंग स्कीम’ में 1.25 करोड़ तक बीमा कवर, 1 लाख कैशलेस उपचार, बालिका विवाह व उच्च शिक्षा सहायता सहित कई आकर्षक बैंकिंग सुविधाएं रियायती दरों पर प्रदान की जाएंगी।
राज्य कर्मचारियों के लिए बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार
छत्तीसगढ़ शासन और Bank of Maharashtra के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते का उद्देश्य राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों को आकर्षक और व्यापक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैंक में वेतन खाता संचालित करने वाले कर्मचारियों को ‘गवर्नमेंट प्राइड सैलरी सेविंग स्कीम’ के तहत उन्नत निःशुल्क लाभ दिए जाएंगे।
बीमा कवर और विशेष लाभों की सौगात
समझौते के अनुसार कर्मचारियों को 1.25 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 1.25 करोड़ रुपये तक स्थायी पूर्ण विकलांगता कवर और 10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस मिलेगा। इसके अतिरिक्त गोल्डन आवर के अंतर्गत 1 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार सुविधा प्रदान की जाएगी। कर्मचारियों को बालिका विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक और बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु 10 लाख रुपये तक की सहायता का लाभ भी मिलेगा।
रियायती स्वास्थ्य बीमा और अतिरिक्त बैंकिंग सुविधाएं
खाताधारकों को अन्य आकर्षक बैंकिंग लाभों के साथ स्वास्थ्य बीमा पर टॉप-अप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। यह एमओयू 10 फरवरी 2026 को वित्त विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अंचल प्रबंधक श्री वी. वेंकटेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह पहल राज्य कर्मचारियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और लाभप्रद बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह भी पढ़े: CG News: राज्य में गाइडलाइन दरों का पुनरीक्षण, तीन जिलों से शुरुआत



