CG News: राजनांदगांव में बाढ़ नियंत्रण की बड़ी पहल, 469 लाख से होगा बैंक प्रोटेक्शन
CG News: राजनांदगांव के जंगलेसर मौखला एनीकट डाउनस्ट्रीम में तटबंध संरक्षण कार्य हेतु 469.99 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। परियोजना से बाढ़ नियंत्रण और कटाव रोकने में मदद मिलेगी। शासन ने गुणवत्ता, समय-सीमा और पारदर्शी निविदा प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जंगलेसर मौखला एनीकट के डाउनस्ट्रीम में तटबंध संरक्षण को मंजूरी
रायपुर। राज्य शासन ने राजनांदगांव जिले के विकासखंड राजनांदगांव स्थित जंगलेसर मौखला एनीकट के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में बैंक प्रोटेक्शन (तटबंध संरक्षण) कार्य के लिए 469.99 लाख रुपये (चार करोड़ 69 लाख 99 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्य तटबंध निर्माण एवं सुरक्षा के लिए किया जाएगा, जिससे नदी किनारे के क्षेत्रों को स्थायी सुरक्षा मिल सके।
बाढ़ नियंत्रण और कटाव रोकने में मिलेगी मदद
प्रस्तावित परियोजना का मुख्य उद्देश्य बाढ़ नियंत्रण और कटाव की समस्या को कम करना है। तटबंध संरक्षण कार्य से नदी के किनारों को मजबूती मिलेगी, जिससे आसपास के गांवों, कृषि भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह योजना जन-धन की हानि को रोकने के साथ क्षेत्र में स्थायी जल प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।
पारदर्शी निविदा प्रक्रिया और गुणवत्ता पर जोर
परियोजना को छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं योजना विभाग की स्थायी वित्त निर्देशों के अंतर्गत गठित समिति द्वारा अनुशंसा के बाद विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री से प्रशासकीय अनुमोदन प्राप्त हुआ है। शासन ने निर्देश दिया है कि कार्य स्वीकृत राशि और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। तकनीकी स्वीकृति के बाद पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही कम से कम 75 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। कार्य में गुणवत्ता, वित्तीय अनुशासन और प्रचलित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अतिरिक्त दायित्व की स्थिति में पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।



