CG News: नाबार्ड की पहल से सशक्त हुईं महिलाएं, हस्तनिर्मित उत्पादों को मिला बाजार
CG News: नाबार्ड की ‘ग्राम दुकान’ योजना के तहत राजनांदगांव में पाताल भैरवी मंदिर के पास महिलाओं को नि:शुल्क दुकान उपलब्ध कराई गई है। स्वयं सहायता समूह यहां स्थानीय उत्पाद बेचकर नियमित आय अर्जित कर रहे हैं। यह पहल महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में प्रभावी साबित हो रही है।
नाबार्ड की ‘ग्राम दुकान’ पहल से महिलाओं को नया संबल
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने स्वयं सहायता समूहों को ग्रामीण बाजार स्थापित करने हेतु अनुदान सहायता प्रदान कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ‘ग्राम दुकान’ पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके हस्तनिर्मित उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी और सुलभ मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
राजनांदगांव में पाताल भैरवी मंदिर के पास सफल संचालन
राजनांदगांव स्थित पाताल भैरवी मंदिर के समीप स्थापित ग्राम दुकान महिला समूहों के लिए आय का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। यहां पूजा सामग्री, अचार, पापड़, मुरकू, नड्डा, बिजौरी, मुरब्बा, मोमबत्ती, अगरबत्ती, साबुन, जिमीकंद, फूल, मशरूम, कपड़े, मसाले, दोना-पत्तल और सजावटी वस्तुएं सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। आकर्षक पैकेजिंग के साथ इन उत्पादों की बिक्री से महिलाओं को नियमित आय मिल रही है। संचालिका श्रीमती निशा मंडावी के अनुसार, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
ग्राम दुकान योजना के तहत नाबार्ड द्वारा महिलाओं को नि:शुल्क दुकान उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के विक्रय के लिए स्थायी स्थान मिला है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ कर रही है। नाबार्ड की यह पहल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनती जा रही है।
में महत्वपूर्ण कदम है।




