CG News: होली से पहले गन्ना किसानों को राहत, भोरमदेव शक्कर कारखाने ने जारी किए 4.73 करोड़
CG News: होली से पहले भोरमदेव शक्कर कारखाने ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए 4.73 करोड़ रुपये जारी किए। अब तक 14,518 किसानों को 51.51 करोड़ का भुगतान हो चुका है। 2.42 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 2.86 लाख क्विंटल शक्कर उत्पादन हुआ है।
होली से पहले किसानों को बड़ी राहत
होली पर्व से पहले भोरमदेव शक्कर कारखाने से जुड़े गन्ना किसानों के लिए राहतभरी खबर आई है। कारखाना प्रबंधन ने किसानों के खातों में 4 करोड़ 73 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। इस भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक माहौल बना है और किसानों को त्योहारी तैयारियों में सहूलियत मिली है। समय पर भुगतान से किसानों का भरोसा सहकारी व्यवस्था पर और मजबूत हुआ है।
अब तक 51 करोड़ से अधिक का भुगतान
चालू पेराई सत्र में कारखाने ने अब तक 14,518 किसानों को कुल 51 करोड़ 51 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है। प्रबंधन के अनुसार प्रशासनिक मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया निरंतर जारी है। समयबद्ध भुगतान से किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के साथ-साथ सामाजिक और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
छत्तीसगढ़ में छिड़ी सियासी जंग, चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है बड़ा असर
उत्पादन में भी बेहतर प्रदर्शन
उत्पादन के मोर्चे पर भी कारखाना बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। अब तक 2 लाख 42 हजार 990 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 2 लाख 86 हजार 743 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। प्रबंधन ने सदस्य और गैर-सदस्य किसानों से सर्वे के अनुरूप अधिक से अधिक गन्ना आपूर्ति करने की अपील की है ताकि पेराई लक्ष्य समय पर पूरा हो सके। किसानों को एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी राशि, बोनस, रियायती दर पर शक्कर, उन्नत बीज और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। साथ ही श्रमिकों और किसानों के लिए सस्ती भोजन व्यवस्था जैसी पहलें सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती हैं।

