CG News: साय कैबिनेट का बड़ा फैसला: 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों को अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी–मार्च 2026) के लिए माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को अनुमोदित किया.

बजट 2026-27 के विनियोग विधेयक को स्वीकृति
बैठक में बजट अनुमान वर्ष 2026-27 को विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई, इससे आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं और विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त होगा.

किसानों के लिए ऐतिहासिक निर्णय
मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी.
देश में सर्वाधिक दर पर धान खरीदी
राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है, बीते दो वर्षों में किसानों को धान के मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है, इस वर्ष होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा.



