CG News: संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 का समापन, सुकमा के कलाकारों को मिला प्रथम पुरस्कार
CG News: जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम 2026 में सुकमा जिले के जनजातीय नाट्य दल ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया, मुड़िया जनजाति पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह और 50 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया.

कला और संस्कृति का संरक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बस्तर की पारंपरिक नृत्य, गीत, शिल्प, खानपान और आंचलिक साहित्य को संजोना और स्थानीय कलाकारों को बड़े मंच पर पहचान दिलाना है, प्रशासन की इस पहल से विलुप्त होती विधाओं को नई ऊर्जा मिली है और जनजातीय समूहों के सतत विकास का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है.
कलाकारों की शानदार प्रस्तुति
सुकमा जिले से कुल 69 कलाकारों ने 12 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, नाट्य विधा में प्रथम स्थान कोंटा विकासखंड के पारला गट्टा गांव के कलाकारों ने जीता, मुड़िया जनजाति के 13 सदस्यीय दल (9 पुरुष, 4 महिला) ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे ताड़ के पत्ते, मयूर पंख, तीर-धनुष और मछली पकड़ने के जाल का कलात्मक प्रयोग कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
जिले का गौरव बढ़ाने वाले कलाकार
कोंटा विकासखंड निवासी कलाकार लेकम लक्का, प्रकाश सोड़ी, विनोद सोड़ी, जोगा सुदाम और उनकी टीम ने अपनी प्रतिभा से सुकमा जिले का नाम रोशन किया, इस उपलब्धि में नोडल अधिकारी मनीराम मरकाम और पी श्रीनिवास राव का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने कलाकारों को संभाग स्तर तक पहुँचाने और प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.




