CG News: केंद्रीय बजट नवोत्थान और समावेशी विकास का सशक्त दस्तावेज : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
CG News: केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री माननीय मनोहर लाल ने कहा कि, केंद्रीय बजट नवाचार, समावेशी विकास और दीर्घकालिक योजनाओं का ऐसा दस्तावेज है, जो विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा, वे 08 फरवरी 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे.
विकास रूपरेखा तय करता है बजट
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, इस बजट में आगामी 25 वर्षों के लिए देश के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास की स्पष्ट दिशा तय की गई है, बजट में रोजगार सृजन, ऊर्जा क्षेत्र का विस्तार, आवासीय सुविधाओं और शहरी विकास को प्राथमिकता दी गई है.

कर्तव्य भवन में तैयार हुआ ऐतिहासिक बजट
मनोहर लाल ने बताया कि, यह बजट पहली बार कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है, जो प्रशासनिक सुधारों और पारदर्शी शासन व्यवस्था का प्रतीक है, उन्होंने कहा कि यह बदलाव नए भारत की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है.
16वें वित्त आयोग से राज्यों को लाभ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को शामिल किया गया है, जिससे राज्यों को अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, इससे छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है.
शहरी विकास पर विशेष फोकस
उन्होंने विश्वास जताया कि, बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से बिजली, आवास, शहरी विकास और अधोसंरचना के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति होगी, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और शहरी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी.
सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र प्रतिबद्ध
मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि, केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य के विकास से जुड़ी हर आवश्यकता को संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाएगा.
प्रेसवार्ता में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद संतोष पाण्डेय, बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.



