CG News: रायपुर में नई पहल: हर महीने की 7 तारीख को मनेगा ‘रोजगार एवं आवास दिवस’, सीधे पंचायत में होगा समस्याओं का समाधान
CG News: रायपुर जिले के ग्रामीण अंचलों को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन ने एक अनूठा निर्णय लिया है, अब जिले के सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को ‘रोजगार एवं आवास दिवस’ का आयोजन किया जाएगा, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार, आवास और आजीविका से जुड़ी तमाम सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है.
पारदर्शिता के लिए नामों का सार्वजनिक वाचन
इस विशेष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया जा रहा है, इससे योजना में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीणों को पता चल सकेगा कि, किन पात्र हितग्राहियों का चयन हुआ है, अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों को उनके हक और सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी मौके पर ही दी जा रही है.
किस्तों और मजदूरी भुगतान की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए मिलने वाली सरकारी किस्तों, मनरेगा (MGNREGA) के अंतर्गत मिलने वाली मजदूरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता के बारे में विस्तार से समझाया गया, साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों के ‘कन्वर्जेन्स’ (अभिसरण) से मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि ग्रामीण इन योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें.
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
प्रशासनिक अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधा संवाद करते हुए उनसे आग्रह किया कि, वे अपने आवास का निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें, अधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि, निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि हितग्राहियों को एक मजबूत और सुरक्षित आशियाना मिल सके.
जिला पंचायत सीईओ ने सौंपी नए घरों की चाबी
इस मुहिम के तहत जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन ने ग्राम पंचायत परसदा, लखोली और रसनी का दौरा किया, उन्होंने वहां आयोजित आवास दिवस में शिरकत की और जिन हितग्राहियों के आवास पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें सप्रेम घर की चाबियां सौंपी, नए घर मिलने की खुशी लाभार्थियों के चेहरों पर साफ नजर आई, जिन्हें प्रशासन ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.


