CG News: बस्तर के कोसा से अमेरिका के बाजार तक, भारत-US ट्रेड डील से छत्तीसगढ़ के उत्पादों को मिलेगी ग्लोबल पहचान, CM साय ने जताई खुशी
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत और अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम व्यापार समझौता देश की आर्थिक साख को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है, इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे भारत की वैश्विक आर्थिक शक्ति और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है.

MSMEs और हस्तशिल्प को मिलेगा अमेरिकी बाजार
मुख्यमंत्री साय ने रेखांकित किया कि, इस समझौते का सबसे बड़ा लाभ छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को मिलेगा, अब राज्य के प्रसिद्ध हथकरघा एवं हस्तशिल्प, कोसा सिल्क, वस्त्र और उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादों के लिए अमेरिकी बाजार के दरवाजे सीधे खुल जाएंगे, इससे प्रदेश के छोटे उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश और निर्यात के बड़े अवसर मिलेंगे.
वनोपज और कृषि आधारित उत्पादों की बढ़ेगी मांग
छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध वन संपदा और कृषि विविधता के लिए जाना जाता है, नए व्यापारिक ढांचे के तहत राज्य के वन-आधारित उत्पाद और हर्बल आइटम्स को वैश्विक ब्रांडिंग मिलेगी, मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि, इस समझौते में किसानों के हितों और ग्रामीण आजीविका की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
‘मेक इन इंडिया’ और महिला सशक्तिकरण को नई ऊर्जा
यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी सशक्त करेगा, मुख्यमंत्री के अनुसार, स्थानीय उत्पादों के निर्यात से राज्य में रोजगार के हजारों नए अवसर सृजित होंगे, विशेष रूप से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को वैश्विक मंच मिलने से महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को नई गति मिलेगी.
छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने में छत्तीसगढ़ एक ‘ग्रोथ इंजन’ की भूमिका निभाने के लिए तैयार है, यह व्यापार समझौता राज्य के समावेशी और सतत आर्थिक विकास को नई ऊर्जा देगा, जिससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल होगा.



