CG News: ग्रामीण विकास को रफ्तार: पंडरिया में 8.44 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, अब गांवों तक पहुंचेगी पक्की सड़क
CG News: पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम रैतापारा और कुम्ही में 8 करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया, यह पहल क्षेत्र के उन दूरस्थ गांवों को मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है, जो लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की बाट जोह रहे थे.

अब बरसात में नहीं कटेगा संपर्क
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दो बड़ी सड़क परियोजनाएं रहीं, ₹5.08 करोड़ की लागत से मेनरोड से रैतापारा (7.50 किमी) और ₹3.13 करोड़ की लागत से रेहुंटा से कुम्ही (4.86 किमी) तक डामर सड़क बनाई जाएगी, इन सड़कों के बनने से पुतकी कला, पलानसरी, धोबघट्टी और रेहुंटा जैसे कई गांवों को बारहमासी सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे बरसात में टापू बनने की समस्या खत्म हो जाएगी.
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती को मिलेगा नया जीवन
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि, इन सड़कों का लाभ केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, अब स्थानीय किसान अपनी उपज आसानी से मंडी तक ले जा सकेंगे, स्कूली बच्चों को कीचड़ से मुक्ति मिलेगी और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सीधे मरीजों के घर तक पहुंच सकेगी, यह सड़क संपर्क आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का नया मार्ग खोलेगा.
आंगनबाड़ी और सामुदायिक भवन की सौगात
सड़कों के साथ-साथ सामाजिक ढांचे पर भी ध्यान दिया गया, ग्राम कुम्ही में ₹11.69 लाख की लागत से बने नए आंगनबाड़ी भवन और ₹10 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया, नया आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, जबकि सामुदायिक भवन ग्राम सभाओं और सामाजिक आयोजनों के लिए एक स्थायी मंच बनेगा.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास
भूमिपूजन के दौरान विधायक ने कहा कि, जब गांव बेहतर सड़कों से जुड़ते हैं, तभी विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, उन्होंने आश्वासन दिया कि, पंडरिया और पांडातराई क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है, कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की पुरानी मांग का समाधान बताया.




