CG News: अब ‘कबीर धर्म नगर’ के नाम से जाना जाएगा दामाखेड़ा, CM साय का बड़ा फैसला, केंद्र से मिली हरी झंडी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने सिमगा तहसील के प्रसिद्ध गांव दामाखेड़ा के नाम परिवर्तन पर आधिकारिक मुहर लगा दी है, राज्य मंत्रिपरिषद के निर्णय और भारत सरकार के गृह मंत्रालय की सहमति के बाद, 5 फरवरी 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी, अब सरकारी दस्तावेजों और पहचान में इस गांव का नया नाम “कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा” होगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा हुई पूरी
मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले दामाखेड़ा प्रवास के दौरान विष्णुदेव साय ने कबीर संत समागम मेले में यह घोषणा की थी, उन्होंने न केवल नाम बदलने का वादा किया था, बल्कि आस्था की पवित्रता बनाए रखने के लिए दामाखेड़ा के 10 किलोमीटर के दायरे में उद्योग न लगाने का आश्वासन भी दिया था, सीएम साय ने इस निर्णय को कबीरपंथियों की आस्था के सम्मान से जोड़ा है.

कबीरपंथियों की आस्था का वैश्विक केंद्र
रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित यह छोटा सा गांव पूरी दुनिया के कबीरपंथियों के लिए सबसे पवित्र तीर्थों में से एक है, इसकी प्रसिद्धि साल 1903 में शुरू हुई, जब कबीरपंथ के 12वें गुरु उग्रनाम साहब ने यहाँ ‘कबीर मठ’ की स्थापना की थी, कबीर के सत्य और मानवतावादी सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार यहीं से पूरे देश में होता है.
कबीर आश्रम की खासियत
दामाखेड़ा का कबीर आश्रम अपनी वास्तुकला और शांति के लिए मशहूर है, यहाँ स्थित समाधि मंदिर की दीवारों पर कबीर साहब की जीवनी को बेहद सुंदर नक्काशी और चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है, आश्रम परिसर में कबीर साहब के ‘प्रकट स्थल’ की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहती है.
समाधि मंदिर और श्वेत ध्वज की महिमा
आश्रम के मध्य में वंशगुरु उग्रनाम साहब और गुरु माताओं की समाधियां स्थित हैं, यहाँ संगमरमर के चबूतरे पर फहराता सफेद ध्वज कबीरपंथ की पवित्रता और शांति का प्रतीक है, मेले के दौरान यहाँ न केवल धार्मिक अनुष्ठान होते हैं, बल्कि बड़ी संख्या में लोग कबीरपंथ की दीक्षा भी ग्रहण करते हैं.
पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए मार्गदर्शिका
• सड़क मार्ग: रायपुर से 57 किमी और सिमगा से मात्र 10 किमी की दूरी पर स्थित, टैक्सी और बसें आसानी से उपलब्ध हैं,
• रेल मार्ग: रायपुर या भाटापारा रेलवे स्टेशन से यहाँ आसानी से पहुँचा जा सकता है,
• हवाई मार्ग: सबसे नजदीकी हवाई अड्डा स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर है.




