CG News: रायपुर पश्चिम को मिली 3 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, अब मोहल्ले में ही मिलेगा इलाज
CG News: रायपुर पश्चिम विधानसभा के निवासियों के लिए आने वाले दिन सुविधाओं की नई इबारत लिखेंगे, विधायक राजेश मूणत ने 3 करोड़ 16 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, खमतराई, ठक्कर बापा, और तिलक नगर जैसे वार्डों में ₹2.34 करोड़ की लागत से सड़कों का डामरीकरण और कंक्रीटीकरण किया जाएगा, जिससे जलभराव और धूल की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.
संत रविदास वार्ड में बनेगा 100 बिस्तर का अस्पताल
क्षेत्रवासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आई है, संत रविदास वार्ड में जल्द ही 100 बिस्तर के अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल का निर्माण शुरू होगा, इसके लिए जमीन का चयन हो चुका है और कागजी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं, इसके अलावा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में नए ओपीडी कक्ष और दवा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया है.
आधुनिक स्कूलों और आंगनबाड़ी की सौगात
शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए वीर शिवाजी वार्ड स्कूल में ₹25 लाख की लागत से अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया गया है, वहीं, महिलाओं और बच्चों के लिए ‘महतारी सदन’ (आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र) तैयार किया जा रहा है, एक नया आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बनकर तैयार है, जिसका उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा.
48 घंटे में समस्याओं के समाधान का आदेश
कार्यक्रम के दौरान विधायक मूणत का सख्त तेवर भी देखने को मिला, नाली और साफ-सफाई की शिकायतों पर उन्होंने मंच से ही जोन आयुक्त को कड़े निर्देश दिए, उन्होंने स्पष्ट कहा कि, 48 घंटे के भीतर सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए ताकि जनता को बुनियादी समस्याओं से तुरंत राहत मिल सके.
आतिशबाजी और मालाओं से स्वागत
विकास कार्यों की झड़ी लगते देख स्थानीय रहवासियों में भारी उत्साह देखा गया, जनता ने विधायक राजेश मूणत का स्वागत फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ किया, लोगों का मानना है कि, इन नई सड़कों और अस्पतालों के बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के प्रॉपर्टी वैल्यू और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा.

