CG News: छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, 10 महीनों में 5 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण
CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने सुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिणामोन्मुख प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, इसके परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में केवल 10 माह 4 दिवस में 5 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूरा हुआ, जो देश में सर्वाधिक है.

जिलों की सक्रिय भागीदारी और रिकॉर्ड निर्माण
जिलों की सक्रिय भागीदारी इस उपलब्धि का मजबूत आधार रही, बिलासपुर में 29,235, महासमुंद में 27,224, बलरामपुर में 27,012, कोरबा में 26,839 और रायगढ़ में 26,707 आवास बनकर राज्य की समग्र उपलब्धि में योगदान दिया, इसके अलावा मस्तूरी, आरंग, डभरा, बिल्हा, पाली और जैजैपुर जनपद पंचायतों ने 7,500 से अधिक आवास बनाए.
महिला सशक्तिकरण और आजीविका सृजन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हजारों महिलाओं ने निर्माण सामग्री आपूर्ति में योगदान दिया, 8,000 से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में आत्मनिर्भर बनीं, इसके अलावा 6,000 से अधिक हितग्राहियों को राजमिस्त्री प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 960 महिलाएँ और 292 आत्मसमर्पित नक्सली शामिल हैं.
स्थायी आजीविका और नरेगा डबरियों का निर्माण
आवास हितग्राहियों की निजी भूमि पर महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत आजीविका संवर्धन कार्य किए जा रहे हैं, वर्तमान में प्रदेश में 10,000 से अधिक आजीविका डबरियों का निर्माण प्रगतिशील है, इससे न केवल आवास निर्माण, बल्कि स्थायी आजीविका के अवसर भी सृजित हो रहे हैं.
प्रधानमंत्री आवास योजना समग्र विकास का माध्यम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री आवास केवल मकान नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, 5 लाख आवासों का निर्माण राज्य की प्रशासनिक क्षमता और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है, आवास निर्माण के साथ आजीविका, कौशल प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण को जोड़कर योजना को समग्र विकास का माध्यम बनाया गया है.




