CG News: मुख्यमंत्री साय करेंगे रायपुर के ‘‘ज्ञानोदय हब’’ का उद्घाटन, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगा बेहतर अवसर
CG News: राजधानी रायपुर के सड्डू में आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग विकास विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे ‘‘ज्ञानोदय हब’’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, इस हब का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत करना है, इस हब के जरिए अनुसूचित जाति, जनजातीय, ओबीसी और कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे.

हॉस्टलों का निरीक्षण और नई सुविधाएं
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने ज्ञानोदय हब सहित विभाग द्वारा संचालित हॉस्टलों का निरीक्षण किया, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालीबाड़ी और पेंशनबाड़ा स्थित पुराने छात्रावासों की जगह आधुनिक सुविधाओं से लैस नया चार-चार मंजिला हॉस्टल भवन तैयार किया जाए, साथ ही सड्डू और डूंडा में तैयार पांच हॉस्टल भवन का भी निरीक्षण किया गया, इन हॉस्टलों में लगभग एक हजार बच्चों के रहने की सुविधाएं विकसित की गई हैं.

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष प्रावधान
प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि, इन हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेस, एनडीए, क्लेट, नेट, स्लेट, पीएमटी, पीटी, आईआईटी, मेडिकल सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी, सड्डू का परिसर लगभग 18 एकड़ और डूंडा का परिसर 10 एकड़ से अधिक भूमि में विकसित किया गया है.
नवनिर्मित हॉस्टलों में सीट और लागत
नवनिर्मित हॉस्टलों में एकलव्य ड्रापर छात्रों के लिए कोचिंग हेतु 500 सीट, ओबीसी बालक-बालिकाओं के लिए 100-100 सीट, अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं के व्यवसायिक शिक्षा, शोध एवं उच्च शिक्षा के लिए 250 सीट शामिल हैं, इन हॉस्टलों की कुल लागत 35 करोड़ 30 लाख 64 हजार रुपए है, इस मौके पर संयुक्त सचिव बी.एस. राजपुत, अपर संचालक आर.एस. भोई, ईई त्रिदीप चक्रवर्ती, सहायक आयुक्त शरदचन्द्र शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.




